ग्वालियर को स्वच्छ बनाने के संकल्प को लेकर कटोराताल से 3 किमी बनाई मानव श्रृंखला

ग्वालियर. 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले अखंड भारत दिवस के मौके परद स्वच्छता जागरूकता के लिये 3 किमी लम्बी मानव श्रृंखला बनाई गयी शुक्रवार को स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली, की अपील पर आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के शैक्षणिक, व्यापारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वच्छ और सुन्दर बनाने का संकल्प लिया है।
मानव श्रृंखला से हुई शुरू
यह मानव श्रृंखला कटोराताल फ्लैग पॉइंट से शुरू होकर अचलेश्वर चौराहा, इंदरगंज चौराहा, जयेंद्रगंज, नदी गेट, मोती-तबेला, बेजाताल और फूलबाग-चौपाटी होते हुए वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा तक पहुंची। इसमें फाइन आर्ट कॉलेज, जीवाजी क्लब, चैंबर ऑफ कॉमर्स, दालबाजार एसोसिएशन, लोहिया बाजार एसोसिएशन, सनातन धर्म मंदिर एसोसिएशन, संजय कॉम्प्लेक्स एसोसिएशन, गुरुद्वारा, सिंधिया कन्या विद्यालय, जीवाजी स्कूल जैसे प्रमुख संस्थान शामिल थे। विभिन्न शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और नगर निगम की आईईसी टीम ने भी इसमें सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान पूरा मार्ग ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा। प्रतिभागियों ने ‘स्वच्छ ग्वालियर, सुंदर ग्वालियर’, ‘हम सबने ठाना है, ग्वालियर को स्वच्छ बनाना है’ और ‘तिरंगे की शान में, हम स्वच्छता अभियान में’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अभियान के जरिए सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ‘स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली’ ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

