प्रतिभागियों ने मेहंदी के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया

स्वच्छता पखवाड़े अंतर्गत वृक्षारोपण एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित
श्योपुर, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार जन शिक्षण संस्थान श्योपुर द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुसूचित जनजाति बालिका छात्रावास बायपास रोड श्योपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रावास परिसर में अशोक, शीशम, आम एवं नीम के पौधे लगाए गए।
संस्थान के निदेशक अजय सक्सेना ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है, जिसके कारण प्रदूषण बढ़ रहा है तथा वर्षा चक्र भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
मानव और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं, यदि वृक्षों की संख्या लगातार घटती रही तो प्रदूषण और तापमान में वृद्धि होगी तथा स्वच्छ ऑक्सीजन प्राप्त करना भी कठिन हो जाएगा। उन्होंने सभी से अपने आसपास कम से कम पाँच पौधे लगाने तथा उनके बड़े होने तक नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल, वायु एवं पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत जन शिक्षण संस्थान, श्योपुर के सभागार में लाभार्थियों के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वच्छता विषय पर आधारित आकर्षक मेहंदी डिज़ाइन तैयार किए। प्रतिभागियों ने मेहंदी के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते हुए विभिन्न रचनात्मक चित्र एवं आकृतियाँ प्रस्तुत कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *