ग्वालियर इंटरनेशनल कॉल सेंटर फर्जीवाड़ा, ठगी के 29 बैंक खाते चिह्नित, हर दिन 50 हजार से ज्यादा के लेनदेन का खुलासा
ग्वालियर. ग्वालियर के होटल में बैठकर अमेरिकी नागरिकों को ठगने के मामले में चार आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। इनके पास से जो मोबाइल, लैपटॉप मिले थे। उनकी जांच में अब तक ऐसे 29 बैंक खाते चिह्नित किए जा चुके हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन के लिए किया जाता था।
रोज 50 हजार से अधिक इधर से उधर
आरोपियों के मोबाइल से मिले शुरुआती रिकार्ड के अनुसार, इन खातों के जरिए हर दिन करीब 50 हजार रुपये से अधिक का अवैध लेनदेन किया जा रहा था। यह पूरा धन अमेरिकी नागरिकों से ठगा गया। पुलिस ने जब्त किए गए सात मोबाइलों को गहन तकनीकी जांच और डिलीट डाटा की रिकवरी के लिए साइबर फोरेंसिक एक्सपर्ट के पास भेजा है।
पुलिस ने होटल जैनपथ से पकड़ा था कॉल सेंटर
पिछले सप्ताह ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर मोहना इलाके में स्थित होटल जैनपथ के कमरा नंबर-छह में ठगी का इंटरनेशनल कॉल सेंटर पुलिस ने पकड़ा था। पुलिस ने चार आरोपी राजपूत अभिषेक, आर्यन राजपूत, शुभोम घोष और शिवेंद्र नरेंद्र सिंह परिहार को पकड़ा था। यह चारों गुजरात, नागालैंड और उप्र के रहने वाले हैं। यह अमेरिकी नागरिकों को लोन दिलाने का झांसा देकर फंसाते थे।
