दतिया विधानसभा उपचुनाव में शाम 5 बजे 69.36प्रतिशत मतदान, रामसागर से पार्टी एजेंट को उठा ले गयी पुलिस

दतिया. विधानसभा उपचुनाव में सुबह -शाम 5 बजे तक 69.30 मतदान हो चुका था। इस दौरान कांग्रेस ने सिरोल में गड़बड़ी की आशंका जताई है। पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह यहां पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा की। घनश्याम का मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी से है। जिगना मतदान केन्द्र पर काग्रेस कार्यकत्ताओं ने भाजपा पर बाहरी लोगों से फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। इस पर पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कांग्रेस जब हारती है तो आरोप लगाती है। यह उनकी हताशा-निराशा का परिचय है।
रामसागर गांव के मतदान केन्द्र से पुलिस, कांग्रेस के मतदान एजेंट को अपने साथ ले गयी। जब साथियों ने इसका वीडियो बनाया तो पुलिस ने उन्हें रोका हालांकि कांग्रेस नेताओं के थाने पर पहुंचने पर पुलिस ने पोलिंग एजेंट को छोड़ दिया। दतिया में 291 मतदान केन्द्र बनाये गये है। इन पर 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता वोट डाल रहे है। मतगणना 3 अगस्त को होगी। दतिया सीट कांग्रेस के राजेन्द्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक में फ्रॉड के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट से 2 साल की सजा होने के बाद खाली हुई है।
मतदान के अपडेट्स
दतिया के बूथ नंबर 186 पर वीवीपैट, 108 पर बैलेटिंग यूनिट और 290 पर कंट्रोल यूनिट में खराबी आई थी। हालांकि, मतदान समय पर शुरू हुआ।
बसई के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने “सड़क नहीं तो वोट नहीं” का नारा लगाते हुए मतदान का बहिष्कार कर दिया। अधिकारियों ने समझाकर वोटिंग कराई।
बारिश के चलते ग्राम पंचायत लरायटा के बूथ नंबर 88, 89 और सिविल लाइन रोड स्थित बूथ क्रमांक 92, 93 और 94 पर पानी भर गया।
टिकट कटने के बाद भावुक होने के सवाल पर नरोत्तम बोले- मैं अपने कार्यकर्ताओं की चोट पर भावुक हुआ था, टिकट कटने पर नहीं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- दतिया में पूरी सरकार चुनाव लड़ रही है, लेकिन यहां कांग्रेस का पंजा 25000 वोटों से जीतेगा।

