डेयरी संचालक ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर किया हमला, डेयरी संचालक पर FIR दर्ज

ग्वालियर. ठाठीपुर इलाके स्थित एक डेयरी पर जुर्माने की राशि वसूलने पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पर डेयरी संचालक ने डंडे से हमला कर दिया है इसमें 2 अधिकारियों को चोट आयी है। संचालक ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की चेतावनी दी है। घटना के बाद ठाठीपुर थाना पुलिस ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश शर्मा 46, ने शिकायत दर्ज कराई है। अपर कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश धाकड़, गिर्राज राजौरिया और गोविंद नारायण सरगैया के साथ मंगलवार की दोपहर लगभग 2 बजे न्यू सुरेश नगर स्थित शिवानी दूध डेयरी पहुंचे थे। डेयरी संचालक महेश बघेल पर साल 2025 में लगाये गये अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने की वजह से कार्यवाही के लिये टीम वहां पहुंची थी।
भड़का संचालक
शिकायत के अनुसार अधिकारियों ने महेश बघेल से अर्थदंड की राशि जमा करने या भुगतान नहीं होने की स्थिति में खाद्य व्यापार बंद करने की कार्यवाही की जानकारी दी है। इस पर आरोपी भड़क गया और अधिकारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी है।
डंडे से हमला, दो अधिकारी घायल
आरोप है कि महेश बघेल ने डंडे से हमला कर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश धाकड़ को घायल कर दिया। हमले में उनके कान के नीचे चोट आई और खून निकलने लगा। वहीं शिकायतकर्ता सतीश कुमार शर्मा को धक्का देने से उनके घुटने में चोट आई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जुर्माना नहीं भरने की बात कहते हुए अधिकारियों को झूठे मामलों में फंसाने, नौकरी खत्म कराने और दोबारा कार्रवाई के लिए आने पर जान से मारने की धमकी दी। थाटीपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महेश बघेल निवासी न्यू सुरेश नगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *