मुरार क्षेत्र के बंशीपुरा में अग्नि दुर्घटना , कलेक्टर मौके पर पहुँचीं, आग पर काबू पाने के लिये एयर फोर्स के अधिकारियों से की चर्चा

फायर अमले के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुँचे
ग्वालियर -उपनगर मुरार के बंशीपुरा में शनिवार को इलेक्ट्रोनिक सामान एवं फर्नीचर की दुकानों में अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुँचे और आग पर काबू पाने के लिये तत्परता से कार्रवाई प्रारंभ की।
कलेक्टर रुचिका चौहान सूचना मिलते ही बंशीपुरा पहुँचीं और आग को बुझाने के लिये की जा रही कार्रवाई का अवलोकन करने के साथ ही स्थानीय व्यापारियों से भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अग्नि दर्घटना पर काबू पाने के लिये तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर निगम के माध्यम से तत्परता से आग पर काबू पाने के लिये फायर ब्रिगेड पहुँचाई गईं और सम्पूर्ण अमला आग को बुझाने के कार्य में लग गया है। इस मौके पर एसडीएम मुरार नरेशचंद गुप्ता, नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, पुलिस अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी मौके पर पहुँचे।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने आग पर काबू पाने के लिये एयर फोर्स के अधिकारियों से भी चर्चा कर फायर की अतिरिक्त व्यवस्था कराई है। नगर निगम का फायर अमला भी पूरी मुस्तैदी के साथ आग बुझाने के कार्य में लगा हुआ है। स्थिति नियंत्रण में है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करते हुए आग पर पूरी तरह से काबू पाने के निर्देश दिए हैं। अग्नि दुर्घटना में इलेक्ट्रोनिक सामान एवं फर्नीचरों की दुकानों में आग लगी है। प्रशासन द्वारा आग बुझाने के लिये तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।

