SSP धर्मवीर सिंह भी एक लाख रुपए विद्यार्थियों के कुर्सी-टेबल के लिये देंगे, सड़क सुरक्षा कलेक्टर एवं एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
ग्वालियर -सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को लेकर कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने शनिवार को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और कार्यों को तेजी के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस बैठक में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ अन्य पहलुओं पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जोनल प्लान के संबंध में चर्चा करते हुए निर्देशित किया है कि पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी जोनल प्लान के संबंध में संयुक्त भ्रमण कर अपना प्रतिवेदन दें ताकि इसे और प्रभावी रूप से बनाया जा सके। जोनल प्लान का उद्देश्य आपात स्थिति में नागरिकों को तत्परता से सहयोग करने एवं कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाना है।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रखी जाए कड़ी निगरानी
बच्चों की परीक्षा और त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। गाड़ियों पर डीजे लगाकर अधिक वॉल्यूम में साउण्ड का उपयोग करने वालों के विरूद्ध भी कार्रवाई की जाए। सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से डीजे संचालकों की बैठक कर उन्हें आवश्यक समझाइश दें। शादी एवं अन्य शुभ कार्यक्रमों में भी डीजे का उपयोग निर्धारित समय एवं वॉल्यूम के साथ हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
हेलमेट के प्रति जागरूकता का चलाया जाए विशेष अभियान
यातायात नियमों के तहत वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। जिले में हेलमेट का उपयोग अधिक से अधिक लोग करें, इसके लिये निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किया जाए। पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग विधानसभावार जागरूकता अभियान का संचालन करें, इस कार्य में समाज की भागीदारी भी हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। स्कूल कॉलेजों में भी हेलमेट के उपयोग के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देंगे एक लाख रुपए का सहयोग
शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को कुर्सी-टेबल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई गई विशेष मुहिम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह भी एक लाख रुपए की धनराशि विद्यार्थियों के कुर्सी-टेबल के लिये प्रदान करेंगे। शिक्षा मित्र योजना के तहत कलेक्टर सहित जिला प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों ने भी सहयोग राशि प्रदान की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी इस पुनीत कार्य में एक लाख रुपए देने की सहमति देने के साथ ही पुलिस विभाग के अधिकारियों के माध्यम से भी यथासंभव सहयोग देने की बात कही है।

