UGC के नये नियम पर सुप्रीम कोर्ट की रोक, अब सामने हैं यह 5 सवाल
नई दिल्ली. यूजीसी (UGC) के नये नियगम पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद देश की राजनीति और विश्ववि़ालय परिसरों में उठता विवाद फिलहाल थमता दिख रहा है। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह विराम स्थाई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा नये सिरे से और अधिक तीखा होकर लौटेगा। 17 दिन पूर्व लागू हुए यूजीसी के नये नियम को शीर्ष अदालत ने आगामी सुनवाई तक रोकते हुए केन्द्र सरकार और यूजीसी से जवाब मांगा है। तब तक 2012 का पुराना नियम ही लागू रहेगा।
इस फैसले के बाद जहां सवर्ण समाज के कई संगठन और छात्र सड़कों पर मिठाईयां बांटते दिखाई दिये। वहीं पिछड़े और वंचित वर्गो में असमंजस और चिंता का वातावरण है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद यूपी, एमपी और बिहार के कई जिलों में जश्न का माहौल देखने को मिला। लखनऊ, चंदौली, मथुरा और गौरखपुर जैसे शहरों में सवर्ण समाज के लोगों ने ने लड्डू, पेड़ा बांटे और नारेबाजी की ।साधु-संतों से लेकर छात्र-संगठनों तक ने इसे न्याय की जीत बताया। सवाल यह है कि जिस फैसले से अगड़ा वर्ग राहत महसूस कर रहा है। क्या वहीं फैसला पिछड़े वर्गो को स्वीकार होगा?
दरअसल, यूजीसी के नये नियम कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरोिं में जाति-आधारित भेदभाव की शिकायतों से जुड़े थे। इन नियमों का उद्देश्य भेदभाव रोकना बताया गया था। लेकिन सवर्ण समाज के संगठनों का आरोप था कि नियम अस्पष्ट है। इनके दुरूपयोग की आशंका अधिक है। इसी आशंका को आधार बनाकर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कड़ी टिप्पणियां की।
अब इस पूरे घटनाक्रम में पांच ऐसे सवाल उभरकर सामने आए हैं, जो आने वाले समय में इस विवाद की दिशा तय करेंगे.
पहला सवाल: क्या सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद सवर्ण समाज की नाराजगी पूरी तरह खत्म हो जाएगी, या यह सिर्फ अस्थायी राहत है?
दूसरा सवाल: जिन नियमों को रोक दिया गया है, उनसे जुड़े पिछड़े और वंचित वर्ग क्या खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे?
तीसरा सवाल: क्या सरकार इस पूरे विवाद की सियासी संवेदनशीलता को भांप चुकी थी, इसलिए सुप्रीम कोर्ट में नियमों का खुलकर बचाव नहीं किया गया?
चौथा सवाल: अगर नियमों में सचमुच अस्पष्टता थी, तो उन्हें बिना व्यापक संवाद और विशेषज्ञ सलाह के लागू क्यों किया गया?
पांचवां और सबसे अहम सवाल: क्या यह पूरा मामला आने वाले चुनावों में जातीय समीकरणों को साधने की कोशिश का हिस्सा था?
अब 19 मार्च को होगी अगली सुनवाई
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से किसी तरह की तीखी आपत्ति सामने नहीं आई। यह राजनीति के गलियारों में चर्चा का विषय है कि क्या सरकार ने सामाजिक असंतोष के बढ़ते दबाव को देखते हुए फिलहाल टकराव से दूरी बनाए रखना ही बेहतर समझा। अब 19 मार्च को अगली सुनवाई होनी है. तब तक 2012 का नियम लागू रहेगा। यानी फिलहाल कॉलेज और विश्वविद्यालयों में जाति-आधारित भेदभाव को लेकर शिकायतों का नया ढांचा ठंडे बस्ते में चला गया है। अब 19 मार्च को होने वाली अगली सुनवाई तय करेगी कि यूजीसी के नए नियमों का भविष्य क्या होगा।
