ग्वालियर में पहाड़ों की बर्फबारी का असर, दोपहर बाद हुई रिमझिम बारिश
ग्वालियर. ग्वालियर चंबल अंचल में मंगलवार को रिमझिम बारिश हुई है। सुबह से आसमान में बादल मंडरा रहे थे, जो दोपहर बाद बूंदाबांदी फिर रिमझिम बारिश में बदल गए। दिन में बारिश के बाद ठंड और बढ़ गई है। ग्वालियर सहित प्रदेशभर में बीते 48 घंटों के दौरान मौसम में अचानक बदलाव देखा गया है।
मौसम में यह बदलाव घाटी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर
ठंडी हवाओं के असर से दिन का तापमान करीब 6 डिग्री तक गिर गया है। तीन दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा था, वह घटकर 21 से 22 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम में यह बदलाव घाटी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर बताया जा रहा है। तापमान गिरने से लोगों को दिन के समय भी ठंड का एहसास होने लगा है। दिन में आंशिक बादलों के बीच धूप जरूर निकली, लेकिन उसमें बीते दिनों जैसी तीव्रता नहीं रही।
मंगलवार दोपहर बाद शुरू हुई रिमझिम बारिश
मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश की संभावना जताई थी। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी थी कि मंगलवार और बुधवार को ग्वालियर सहित आसपास के शहरों में बादल छाने के साथ ही बारिश हो सकती है। ठीक वही हुआ सुबह से ग्वालियर में बादल मंडरा रहे थे। दोपहर 12.30 बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई, जो दोपहर बाद रिमझिम बारिश में बदल गई। मौसम विशेषज्ञों की माने तो अगले 24 घंटे इसी तरह का मौसम रहने वाला है।

