ग्वालियर में झाड़ियों में मिला युवक का शव, सिर में गोली मारी

ग्वालियर. में बुधवार देर रात एक युवक का शव नयागांव के पास रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला है। मृतक के सिर में दो घाव हैं। एक गोली आरपार हो गई है, जबकि दूसरी सिर में फंसी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया है। घटना स्थल से शराब, डिस्पोजल गिलास, नमकीन भी मिला है। आशंका है कि नशा पार्टी के दौरान विवाद के बाद गोली चली है। हालांकि पुलिस अफसरों का कहना है कि अभी पुलिस पूरी तरह जांच के बाद ही कुछ कह सकेगी। फिलहाल शव को निगरानी में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नया गांव रेलवे ट्रैक के पास युवक की लाश मिली
कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि थाना क्षेत्र के नया गांव रेलवे ट्रैक के पास एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली थी। जांच की तो पता चला कि पास ही बाइक पड़ी थी। सिर और पीठ में गोली लगी हुई हैं। इसका पता चलते ही पुलिस ने उसकी शिनाख्ती के प्रयास किए, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। फोरेंसिक जांच के लिए एक्सपर्ट कोक सिंह परिहार को भी बुला लिया गया था। फिलहाल पता नहीं चला है कि मृतक कौन है और उसे गोली मारने वाले कौन हैं। पुलिस पड़ताल में जुट गई है।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
घटना स्थल के आसपास कहीं भी कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। पुलिस घटना स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिससे पता चल सके कि मृतक अकेला है या उसके साथ कोई और आया था। फिलहाल पुलिस के हाथ कोई फुटेज नहीं लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *