ब्यूटी पार्लर में बिगड़ा मॉडल प्रज्ञा का बिगडा चेहरा

ग्वालियर. ब्यूटीपॉर्लर की लापरवाही से वर्ष 2021 में मॉडल प्रज्ञा शुक्ला का चेहरा बिगड़ गया। वह वैक्स कराने के लिये नयी सड़क स्थित कायाकल्प ब्यूटी पॉर्लर एंड मेकअप स्टूडियो पहुंची थी। पार्लर के स्टाफ ने केमीकल की अधिक मात्रा मिलाकर वैकस चेहरे पर लगा दिया। हड़बड़ी में कुछ केमीकल चेहरे पर गिर भी गया। जिससे तेज जलन के साथ असहनीय दर्द होने होने लगा।
प्रज्ञा ने ब्यूटी पार्लर की प्रोपाराइटर सुनीता सोनी से शिकायत की। उसने मॉडल के चेहरे पर एक लेप लगाया और कहा कि चेहरा जल्द ही पहले जैसा ठीक हो जायेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। समय के साथ चेहरे पर घाव और स्पाट्स उभरने लगे। प्रज्ञा लगभग एक साल तक स्किन स्पेशलिस्ट से उपचार कराती रहीं। लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। अंत में डॉक्टरों ने सर्जरी का विकल्प सुझाव दिया।
इस दौरान प्रज्ञा के पास कई प्रोजेक्ट्स थे। चेहरा खराब होने से उन पर भी असर पड़ा। हालात ऐसे बने कि मॉडलिंग करियर संकट में आ गया। दूसरी ओर, ब्यूटी पार्लर ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। मजबूर होकर प्रज्ञा ने 22 सितंबर 2023 को जिला उपभोक्ता फोरम में मामला दर्ज कराया। इसकी अंतिम सुनवाई 16 दिसंबर 2025 को पूरी हुई। उपभोक्ता फोरम ने 18 जनवरी 2026 को ब्यूटी पार्लर की प्रोपराइटर सुनीता पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। 2 हजार रुपए कोर्ट खर्च चुकाने का भी आदेश दिया है।

