इंदौर-उज्जैन के बीच चलेगी वंदे भारत मेट्रो
इंदौर. उज्जैन सिंहस्थ-2028 को देखते हुए केंद्र सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इंदौर से उज्जैन के बीच वंदे भारत मेट्रो चलाने की तैयारी कर रही है। यह ट्रेन मौजूदा रेलवे ट्रैक पर ही चलेगी। इसके लिए अलग से नया ट्रैक बिछाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह ट्रेन इंदौर से उज्जैन के बीच में 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। खास बात यह है कि वंदे भारत मेट्रो को शटल सेवा के रूप में इंदौर-उज्जैन रूट पर चलाया जाएगा। बता दें कि रेलवे पहले ही इस मार्ग पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रैक का सफल ट्रायल कर चुका है।

वंदे भारत मेट्रो वर्तमान रेलवे ट्रैक पर ही चलेगी
इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि आगामी सिंहस्थ में यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए रेल विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। इंदौर, उज्जैन और आसपास के स्टेशनों से 300 से अधिक ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए रेलवे ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इंदौर और उज्जैन के बीच शटल सेवा के रूप में वंदे भारत मेट्रो चलाई जाएगी।
स्पेशल कोच हो रहे तैयार
रेलवे सूत्रों के अनुसार, वंदे भारत मेट्रो ट्रेन वर्ल्ड क्लास 12 कोच की होगी। इसके कोच विशेष रूप से डिजाइन किए जा रहे हैं, जिनमें मेट्रो जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पहली ट्रेन काशी में शुरू होगी। इसके बाद यह सुविधा इंदौर से उज्जैन को मिलेगी। सूत्रों के मुताबिक, यह ट्रेन मात्र 5 सेकेंड में 50 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार पकड़ने में सक्षम होगी।
