ड्रिंक एंड ड्राइव- नववर्ष पर पुलिस करेंगी सख्त निगरानी, 35 सदस्यीय टीम ब्रेथ एनालाइज़र से करेगी जांच

ग्वालियर, नववर्ष के अवसर पर ंिड्रक एंड ड्राइव की रोकथाम के लिए 35 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित कर उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम में ब्रेथ एनालाइज़र के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि उक्त टीम आज से ही शहर के प्रमुख चौराहों, हाईवे एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग करेगी। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग एवं बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि नागरिक सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से नववर्ष का स्वागत कर सकें। इस अवसर पर ASP  अनु बेनीवाल, जयराज कुबेर, DSP  यातायात अजीत सिंह चौहान एवं यातायात के तीनों सेक्टर प्रभारी उपस्थित रहे।
पुलिस टीम को ब्रेथ एनालाइज़र के उपयोग का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही बताया गया कि शराब पीकर वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कोर्ट द्वारा न्यूनतम 10,000 का जुर्माना एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों की किस प्रकार ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से जांच करनी है इसके संबंध में विस्तार से प्रेक्टिकल कर बताया गया।
हर वर्ष नववर्ष के जश्न के दौरान लापरवाही से वाहन चलाने के मामलों में वृद्धि को देखते हुए इस वर्ष ग्वालियर पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। हाई-टेक उपकरणों की सहायता से मौके पर ही जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *