पुरानी रंजिश को लेकर पंप संचालक ने चलाई गोली, आरोपी हिरासत में
ग्वालियर. बुधवार की रात थाना विश्वविद्यालय इलाके में एक पेट्रोप पर विवाद के बाद गोली चली है। घटना का पता चलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने फायरिंग करने वाले पंप संचालक को हिरासत में ले लिया है। झगड़ा पुरानी रंजिश को लेकर हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शहर के गोला का मंदिर स्थित पिन्टो पार्क स्थित अभिनंदन वाटिका के पीछे रहने वाले भूपेन्द्रसिंह गुर्जर का प्रमोद शर्मा से विवाद चल रहा है। प्रमोद शर्मा पेट्रोल पंप के संचालक विश्वविद्यालय थाना इलाके मेें कलेक्ट्रेट के पास उनका पेट्रोप पम्प है। बुधवार की रात भूपेन्द्र जब पम्प के पास पहुंचा तो दोनों अचानक आमने-सामने आ गये और विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट हो गयी। इसके बाद पंप संचालक प्रमोद शर्मा ने अपनी लायसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी। गोलीबारी की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने इस मामले में पंप संचालक को हिरासत में लेकर लायसेंसी बंदूक को जब्त कर लिया।
जमीन के लेन-देन पर है विवाद
ऐसा बताया गया है कि फरियादी और आरोपी के बीच में एक जमीन को बेचने के बाद लेन-देन का विवाद है। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष बुधवार शाम को आमने-सामने आ गए थे। जिस पर पहले कहासुनी हुई फिर मारपीट हो गई।

