ग्वालियर में पालतू कुत्ते के काटने पर घर में घुसकर मारपीट, गोलियां चलाईं, चेन लूट ले गए
ग्वालियर. बिलौआ थाना क्षेत्र के केशर बाबा मोहल्ला में 2 दिन पहले एक बुजुर्ग ने पड़ोसी के पालतू कुत्ते के काटने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। इस पर पड़ोसी आग बबूला हो गया। उसके बाद कुत्ते के मालिक ने अपने परिजन के साथ मिलकर उनके घर पर हमला कर दिया। घर में घुसकर महिलाओं और युवतियों से मारपीट की है। कुछ हमलावरों ने बाहर आकर कट्टे से फायरिंग कर दी। जिस समय हमला हुआ घर पर महिलाएं थी। पूरा परिवार पास ही मैरिज गार्डन में शादी समारोह में थे। सूचना पर जब पुरुष घर पहुंचे तो हमलावर फिर लौटे और घर में घुसकर मारपीट कर भाग गए। पुलिस ने घायल की शिकायत पर सात हमलावर नामजद सहित अन्य पर मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर-झांसी हाइवे पर बसे केशर बाबा मोहल्ला निवासी रामसेवक चौरसिया को पास ही रहने वाले धर्मेंद्र उर्फ धन्नू शर्मा के पालतू कुत्ते ने काट लिया था। कुत्ते के काटने के बाद रामसेवक चौरसिया ने अपने छोटे भाई रामगोपाल और वीरेंद्र के साथ पहले अस्पताल में इलाज कराया फिर 2 दिन पहले मामले की शिकायत बिलौआ थाना में की थी। शिकायत से नाराज धर्मेंद्र उर्फ धन्नू शर्मा ने अपने परिजन दीपक शर्मा, अभय शर्मा, युवराज शर्मा, गिर्राज शर्मा, हर्षित पाठक, विनोद शर्मा और साथियों के साथ रविवार को रामसेवक के घर पर हमला बोल दिया। उस समय सभी परिजन भतीजे की शादी में बालाजी गार्डन में थे। जिस समय हमला बोला उस समय घर पर रामगोपाल की बेटी राखी चौरसिया मौजूद थी। राखी ने फोन करके अपने पिता रामगोपाल को बताया कि धर्मेंद्र उर्फ धन्नू शर्मा ने अपने परिजन दीपक शर्मा, अभय शर्मा, युवराज शर्मा, गिर्राज शर्मा, हर्षित पाठक, विनोद शर्मा व साथियों के साथ घर में उत्पात कर रहे हैं और बाहर खड़े होकर गोलियां चला रहे हैं।
हमलावर फिर नकाब पहनकर लौटे और हमला कर दिया
रामगोपाल चौरसिया अपने परिजन व रिश्तेदारों के साथ घर पहुंचे तो हमलावर फिर चेहरे पर नकाब पहनकर लौटे और हमला कर दिया। हमलावर घर के अंदर घुस आए। इस बार महिलाओं के साथ झूमाझटकी की और राखी चौरसिया के गले से सोने की चेन झपट ली। धर्मेंद्र उर्फ धन्नू शर्मा ने अपने परिजन दीपक शर्मा, अभय शर्मा, युवराज शर्मा, गिर्राज शर्मा, हर्षित पाठक, विनोद शर्मा ने चौरसिया परिवार को धमकी दी कि अब शिकायत की तो जान से मार देंगे।
