ग्वालियर में बारातों से लगा जाम, 2 किमी लंबे जाम में दो घंटे तक फंसे रहे वाहन
ग्वालियर. शनिवार को तगड़ा सहालग (शादियां) का असर शहर की सड़कों पर भी साफ दिखाई दिया है। शहर से लेकर हाइवे तक ट्रैफिक जाम रहा है। सबसे ज्यादा खराब हालात ग्वालियर-झांसी हाइवे पर सिकरौदा पॉइंट व आगरा-मुम्बई नेशनल हाइवे पर निरावली पॉइंट पर रहे हैं। यहां दो किलोमीटर लंबा जाम लगा था और डेढ़ से दो घंटे वाहन ट्रैफिक जाम में फंसे रहे और रेंगते हुए ही निकले हैं। ट्रैफिक जाम की खबर मिलते ही शहर से लेकर हाइवे तक पुलिस ट्रैफिक कंट्रोल करती हुई नजर आई है। रात 11 बजे तक सड़कों से यातायात सामान्य नहीं हो सका था।

सड़कों पर बारातों और नाचते बारातियों के कारण ट्रैफिक जाम रहा
पुलिस जाम खुलवाने में जुटी नजर आई है। एक तरफ तो हाइवे पर जाम के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। सबसे ज्यादा हालत निरावली और सिकरौदा चौराहे पर हुई और स्थिति को संभालने के लिए डीएसपी यातायात सहित सभी यातायात निरीक्षक व पुलिस बल जाम खुलवाने में जुट गया। शहर की सड़कों पर बारातों और नाचते बारातियों के कारण ट्रैफिक जाम हो रहा था। जिस कारण शहर के थानों का बल ने अपने-अपने क्षेत्र में एक्टिव होकर जाम खुलवाया है।

