आज स्कूलों की छुट्टी, आंदोलन न हो इसके लिये 4 हजार जवान तैनात, देर रात को हुई 2 एफआईआर दर्ज

ग्वालियर. शहर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर मूर्ति विवाद से माहौल गरम है। जिला प्रशासन, पुलिस के साथ बैठक में कई सामाजिक संगठन चाहें कह चुके हों कि वह 15 अक्टूबर को कोई आन्दोलन नहीं करेंगे, लेकिन तनाव बाजार से लेकर घरों तक साफ नजर आ रहा है। कलेक्टर ने बुधवारन का सभी स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्र में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। बाजारों में व्यापारी दुकान खोलें या नहीं इसको लेकर उलझन में है। 4 हजार से अधिक जवान और अधिकारी शहर के 36 नाकाबंदी प्वॉइंट पर तैनात कर दिये गये है।

इसके अलावा 100 से अधिक अधिकारी व जवान, आईटी सेल, क्राइम ब्रांच की टीम सिर्फ सोशल मीडिया पर नजर रखे हुए हैं। यही वजह है कि मंगलवार की देर रात ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने दोनों पक्षों पर एक-एक एफआईआर दर्ज की है। दोनों ओर से शांति की अपील करने के बाद कुछ पोस्ट वायरल किये गये है। एफआईआर की कॉपी में किस-किस का नाम है। यह पुलिस अधिकारियों ने खुलासा नहीं किया है।
55 यूजर्स को नोटिस, 500 पोस्ट हटवाईं
ग्वालियर में लगाई गई धारा 163 का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ाई करना शुरू कर दिया है और ऐसे आधा सैकड़ा यूजर्स को नोटिस जारी कर दिए है। वहीं 500 से ज्यादा पोस्ट हटवाई गईं हैं।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से दो वर्गों के बीच चल रहे विवाद के बाद जिले में धारा 163 लगाई गई है। शांति भंग करने, समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले अकाउंट की साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है।
जांच के बाद पुलिस की साइबर सेल ने 55 सोशल मीडिया अकाउंट चिंहित कर उन्हें नोटिस जारी किए हैं। इन अकाउंट होल्डर ने वैमनस्यता फैलाने वाली पोस्ट शेयर की थी। साथ ही 500 से अधिक भड़काऊ पोस्ट हटवाई गई हैं। कुछ यूजर्स के अकाउंट्स को डी-एक्टिवेट कराने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि की तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
