रूस ने यूक्रेन पर 629 मिसाइलों और ड्रोन से किया अटैक में 14 लोगों की मौत, ईयू की बिल्डिंग को हुआ नुकसान
नई दिल्ली. रूस और यूक्रेन के बीच लगभग 4 वर्षो से जंग जारी है और कोई भी देश बीच हटने को तैयार नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से लेकर पीएम नरेन्द्र मोदी ने रूस यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने की तमाम कोशिश की है। हाल ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिले थे। उसके बाद उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से भी मुलाकात की थी। हालांकि दोनों ही बैठकें बेनतीजा रही और जंग खत्म करने की दिशा में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका।
रूसी अटैक में 14 लोगों की मौत
अब रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव स्थित यूरोपियन यूनियन के प्रतिनिधिमंडल बिल्डिंग पर अटैक किया है। यूक्रने ने बताया है कि रूस ने कीव पर बड़े पैमाने पर हमले किये हैं। जिनमें से कम से कम 14 लोगों की मौत हुई है। 48 घायल है। यूक्रेनी विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया है कि रूसी अटैक में यूक्रेन में यूरोपीय संघ के मिशन की एक बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा है।
‘जंग खत्म नहीं करना चाहता रूस’
उन्होंने कहा कि रूस जंग खत्म करने का विकल्प नहीं चुन रहा है, बल्कि नए हमले कर रहा है। कीव में रातोरात दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, रिहायशी इलाके, ऑफिस सेंटर्स को नुकसान पहुंचा है। इनमें वह इमारत भी शामिल है जहां यूक्रेन में यूरोपीय संघ का प्रतिनिधिमंडल स्थित है। अब यह ज़रूरी है कि दुनिया मज़बूती से जवाब दे. रूस को यह युद्ध रोकना होगा जो उसने शुरू किया था और जारी है। जेलेंस्की ने कहा कि सीजफायर को नकारने और बातचीत से बचने की रूस की लगातार कोशिशों के लिए, नए और कड़े प्रतिबंधों की ज़रूरत है। सिर्फ़ यही कारगर हो सकता है. रूस सिर्फ़ ताकत और दबाव समझता है।. हर हमले के लिए, मास्को को नतीजे भुगतने होंगे।
‘यूक्रेन पर दागीं 629 मिसाइलें और ड्रोन’
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया है कि, ‘यूक्रेन पर एक ही रात में 629 मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए गए, यही रूस की शांति की अवधारणा है। आतंक और बर्बरता.’ उन्होंने आगे कहा कि बच्चों समेत एक दर्जन से ज़्यादा लोग मारे गए. रिहायशी इलाकों और सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर को जानबूझकर निशाना बनाया गया. यूरोपियन यूनियन के प्रतिनिधिमंडल और ब्रिटिश काउंसिल के कार्यालयों को नुकसान पहुंचाया गया. फ्रांस इन मूर्खतापूर्ण और क्रूर हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करता है. यूक्रेनी जनता के प्रति पूरा समर्थन और सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताता है।

