CM मोहन यादव ने की घोषणा- MP में बनेगा पुलिस भर्ती बोर्ड

भोपाल. मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षक से लेकर सब इंस्पेक्टर तक की भर्ती के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड बनेगा। पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से ही एमपी में पुलिस के रिक्त पदों की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह महत्वपूर्ण घोषणा की है। वे सीएम हाउस में पदक विजेता पुलिस अफसरों, कर्मचारियों और उनके परिवारजन के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

पुलिस पदक विजेता अफसरों और कर्मचारियों को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। - Dainik Bhaskar
सीएम यादव ने कहा कि अगले तीन साल में प्रदेश में 21 हजार से अधिक रिक्त पदों को भरा जाएगा। इस साल साढ़े 7 हजार पदों पर भर्ती होगी और इसके बाद अगले दो साल भी इतने-इतने ही पदों पर भर्ती की जाएगी। सीएम ने कहा कि आज साढ़े 7 हजार पदों पर भर्ती किए जाने को मंजूरी दी गई है, लेकिन इसके बाद भी 20 हजार पद खाली रहेंगे। अगर भर्ती का काम अभी शुरू भी कर दें, तो अगले तीन साल में दो हजार पद फिर रिक्त हो जाएंगे। इसलिए तीन साल में सभी रिक्त पद भरे जाएंगे।
पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन जल्द करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में रिक्त पद पुलिस भर्ती बोर्ड से भरे जाएंगे। इससे कर्मचारी चयन मंडल के कारण पुलिस मुख्यालय को भर्ती करने में आने वाली दिक्कत भी खत्म हो जाएगी। उन्होंने पुलिस मुख्यालय को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन करें। सीएम ने यह भी कहा कि उनके संज्ञान में यह बात आई है कि वीवीआईपी मूवमेंट में लगे कर्मचारियों को छठे वेतनमान का जोखिम भत्ता मिलना छूट गया है, इसलिए ऐसे कर्मचारियों को छूटा हुआ भत्ता देने की वे घोषणा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *