Uncategorized

“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत शहर में शिक्षण संस्थाओं ने निकाली तिरंगा यात्रा 

महाराज बाड़ा व हजीरा क्षेत्र में रैली निकालकर दिया तिरंगा लहराने का संदेश 
ग्वालियर -जिले में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान में शिक्षण संस्थायें बढ़चढ़कर हिस्सेदारी निभा रही हैं। मंगलवार को जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने महाराज बाड़ा सहित अन्य स्थलों पर तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों में 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के‍ लिये प्रेरित किया। कलेक्टर- रुचिका चौहान ने देश की सेनाओं के सम्मान में चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील जिले के नागरिकों से की है।
मंगलवार को महाराज बाड़े पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोरखी व शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकगंज के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने तिरंगा यात्रा निकाली। साथ ही मानव श्रृंखला बनाकर शहरवासियों को तिरंगा फहराने का संदेश दिया। इसी तरह हजीरा क्षेत्र में स्थित शासकीय शिक्षा महाविद्यालय के आचार्यों व विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। शहर के जाने-माने गायक संजय धूपर  और वैशाली धूपर ने  तिरंगा यात्रा में देशभक्ति पूर्ण गीत गुनाये तो आसपास एकत्रित लोग थिरकने पर मजबूर हो गये। भारत माता एवं भारतीय सेना के सम्मान में जयकारे लगाते हुए जब रैली आगे बढ़ी तो चारों ओर देशभक्ति का जज्बा हिलोरें लेने लगा।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान की परिकल्पना सामूहिक उत्सव और नागरिक एकता की भावना पर आधारित है, जिसमें स्वतंत्रता के सार को स्वच्छता और सुजलता के संकल्प के साथ जोड़ा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *