अमरनाथ यात्रा पर खतरा, जंगल में छिपे आतंकवादियों और सुरक्षाबलों में जबरदस्त गोलीबारी

जम्मू कश्मीर. अमरनाथ यात्रा के चलते जम्मू कश्मीर के किश्तवाड जिले के घने जंगलों में रविवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच जबरदस्त गोलीबारी हुई। यह मुठभेड उस समय शुरू हुई जब सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। पुलिस और भारतीय सेना की संयुक्त टीम ने दच्छन और नागसेनी के बीच स्थित खानकू जंगल में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जंगल में छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी, इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की।
कुछ आतंकी अब भी इलाके में छिपे
अधिकारियों के अनुसार गोलीबारी कुछ देर तक चली लेकिन अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भेजा गया है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षाबलों का मानना है कि कुछ आतंकी अब भी इलाके में छिपे हो सकते है। पूरा क्षेत्र घेर लिया गया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा विशेषज्ञों और स्थानीय नेताओं ने चिंता जताई
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में हुई इस मुठभेड़ की खबर के बाद सुरक्षा विशेषज्ञों और स्थानीय नेताओं ने चिंता जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि किश्तवाड़ जैसे अपेक्षाकृत शांत इलाकों में आतंकी गतिविधि का उभरना गंभीर संकेत है। वहीं, स्थानीय नागरिकों में दहशत है और वे सरकार से क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *