लेट हो सकता है ‘एलीवेटेड रोड प्रोजेक्ट’

ग्वालियर. शहर में एलिवेटेड रोड के दूसरे फेज में अभी कमानी पुल के पास निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के चलते अब स्वर्ण रेखा में चल रहे कार्य को बंद करते हुए फूलबाग से गुरुद्वारे तक के कार्य को शुरू किया जाना है, लेकिन कंपनी द्वारा यहां लगे पोल, लोहे के एंगल, जाली व चौराह पर लगे सिग्नल को हटाने का कार्य शुरू नहीं किया है, जबकि निगम की ओर से पेड़ कटाने सहित सभी की अनुमति दी जा चुकी है और पीडब्ल्यूडी की ओर से भी सामान हटाने के लिए कंपनी को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उसके बाद भी कंपनी सामान नहीं हटा रही है, इससे एलीवेटेड का प्रोजेक्ट लेट हो सकता है।
अभी यह होने हैं कार्य
कंपनी द्वारा गुरुद्वारे से लक्ष्मीबाई समाधि स्थल तक डिवाइडर, चौराह पर लगे सिग्नल, फूलबाग स्तंभ को 7.5 मीटर छोटा, बाल सरोवर की दीवार को चार मीटर, प्रेस क्लब की छह मीटर और मानस भवन की दीवार को पांच मीटर पीछे करने के साथ ही अन्य कार्य किए जाने है।
जारी किया जा चुका पत्र
फूलबाग से गुरुद्वारे तक पोल शिफ्टिंग, सिग्नल व चौराहा सहित अन्य सामान हटाने के लिए कहा गया है। लेकिन उसके बाद भी कंपनी कार्य नहीं कर रही है। इस संबंध में पत्र जारी किया जा चुका है।– जोगेंदर सिंह यादव, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *