वीरांगना बलिदान मेला के समापन शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान, सीएम बोले लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिये थे, स्वर्गीय अटलबिहारी वाजपेई की स्मृति में ग्वालियर में कैबिनेट बैठक
ग्वालियर. सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटलबिहार वाजपेई की स्मृति में कैबिनेट की एक बैठक का आयोजन ग्वालियर में किया जायेगा। इससे अंचल के विकास के रास्तें खुलेंगे उन्होंने वीरांगना बलिदान मेले के आयोजन और यहां हुए खूब लड़ी मदा्रनी महानाट्य के लिये समिति 5 लाख रूपये देने का ऐलान किया और साथ ही वीरांगना की समाधि के सामने वाले मैदान(जहां महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों से युद्ध किया था) को विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने बलिदान मेला समिति के संस्थापक अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया से कहा है कि वह इसके विकास की परिकल्पना तैयार कर दें। उनके अनुसार ही विकास कराया जायेगा। सीएम बुधवार को वीरांगना बलिदान मेले के आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 26 साल से लगातार चल रहे आयोजन के लिये समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर मैं उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने आया हूं। वीरांगना लक्ष्मी बाई ने अंग्रेजों के दात खट्टे करते हुए प्राणों का उत्सर्ग किया है। मैं उस वीरांगना को प्रणाम करता हूं। यह 26वां आयोजन हुआ है। मप्र सरकार ऐसे कामों में सदैव अग्रणी है। बता दें, मेले में महानाट्य “खूब लड़ी मर्दानी’ का मंचन हुआ। वहीं शस्त्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

इनका हुआ सम्मान
बलिदान मेले के 26वें आयोजन में अंडर 19 क्रिकेट टीम में बेहतर प्रदर्शन करने वाली ग्वालियर की वैष्णवी शर्मा को वीरांगना सम्मान से सम्मानित किया और साथ ही सरहर पर शहीद हुए विवेकसिंह तोमर की पत्नी रेखा तोमर और क्रांतिवीर मंगल पांडे के साथी दुर्गासिंह के वंशज विजय सिंह सिसौदिया को भी सम्मानित किया।

250 कलाकार बने महानाट्य “खूब लड़ी मर्दानी’ के साक्षी
बलिदान मेले में महानाट्य ‘खूब लड़ी मर्दानी’ का मंचन किया है। 250 कलाकारों ने इस महानाट्य में भागीदारी कर झांसी की रानी की कहानी को सजीव बनाया है। यह महानाट्य निर्देशक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में किया गया है। इस महानाट्य में सिर्फ महारानी लक्ष्मीबाई के बचपन से लेकर शहीद होने तक के किरदार को 15 बालिकाओं ने निभाया है।यह महानाट्य “खूब लड़ी मर्दानी’ 60 मिनट (एक घंटे) की प्रस्तुति रही है। महानाट्य में 100 कलाकारों ने सिर्फ विवाहोत्सव में नृत्य किया है। महानाट्य के अलग-अलग पार्ट को स्पष्ट दर्शाने के लिए 9 छोटे-बड़े मंच बनाए गए हैं। जिसमें 12 घोड़े और दो ऊंट का भी उपयोग किया गया है। इस तरह झांसी की रानी वीरांगना लक्ष्मीबाई के पूरे जीवन और संघर्ष को चरितार्थ किया गया है।
