GWALIOR में मिले दो और कोरोना पॉजिटिव, शहर में अब 5 एक्टिव केस
ग्वालियर. शहर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण रफ्तार पकड रहा है। चार दिन में पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को गजराराजा मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में कोरोना संदिग्ध 9 लोगों के सैंपल की जांच की गई। इनमें से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव मरीज में एक जूनियर डॉक्टर और एक युवती शामिल है। दोनों की उम्र 25 वर्ष है। दोनों को होम आइसोलेट किया गया है साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों संक्रमितों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। महामारी विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र पिपरोलिया ने बताया कि कोरोना संक्रमित निकली गुढा-गुडी का नाका निवासी 25 वर्षीय युवती दिल्ली से वापस लौटी थी।
मेडिसिन विभाग के जूनियर डॉक्टर संक्रमित
बताते हैं कि वह दिल्ली में एक कंपनी में कार्यरत है। तबीयत खराब होने पर वह ग्वालियर आ गई। यहां हजार बिस्तर अस्पताल की कोल्ड ओपीडी में परीक्षण के बाद सैंपल लिए गए। इसके साथ ही मेडिसिन विभाग के जूनियर डॉक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह गुरुवार को पाजिटिव निकले दो जूनियर डॉक्टरों के संपर्क में आए थे। जूनियर डाक्टरों के संक्रमित निकलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जिला अस्पताल में शुरू नहीं हो पाई आरटीपीसीआर
कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद अभी तक जिला अस्पताल मुरार में आरटीपीसीआर जांच शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में अगर कोई संदिग्ध मरीज यहां पहुंचता है तो सैंपल गजराराजा मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ेंगे। अस्पताल प्रबंधन जांच किट की डिमांड भेजने की बात कह रहा है। हालांकि अस्पताल में 12 पलंग आरक्षित कर दिए गए हैं। साथ ही माक ड्रिल भी कर ली गई है, लेकिन जांच की व्यवस्था नहीं है।

