ग्वालियर-चंबल में 60Km घंटा रहेगी आंधी की रफ्तार
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है, मंगलवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। ऐसा ही मौसम बुधवार को भी बना रहेगा। ग्वालियर-नर्मदापुरम समेत 17 जिलों में 60 किलो मीटर प्रतिघंटा या इससे अधिक रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। वहीं पूरे प्रदेश में कहीं बादल छाए रहेंगे तो कहीं तेज आंधी-बारिश होगी।
बता दें कि इस बार भीषण गर्मी में भी आंधी-बारिश वाला मौसम है। प्रदेश में 26 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया था जो 3 जून को भी जारी रहा। यानी लगातार 39 दिन से प्रदेश के किसी न किसी जिले में पानी गिर रहा है या आंधी चल रही है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन यानी 7 जून तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिक अरूण शर्मा ने बताया कि प्रदेश में आंधी-बारिश के सिस्टम एक्टिव है इस वजह से मौसम बदला हुआ है।

