ग्वालियर में ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर,दो पक्षों में चले लाठी-डंडे
ग्वालियर. ग्वालियर के चीनौर क्षेत्र के नया गांव में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। विवाद उस समय बढ़ गया जब एक पक्ष ने जानबूझकर दूसरे पक्ष की बाइक में ऑटो से टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल हो गया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है। घटना सोमवार शाम की है। सूचना मिलते ही चीनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर के चीनौर क्षेत्र के बनवार निवासी अजय जोशी और सुरेश कुशवाह दोनों दोस्त हैं। सोमवार दोपहर दोनों ऑटो में सवार थे। रास्ते में उनकी गिजोर्रा निवासी जितेन्द्र आदिवासी, राजू, सोनू और छोटू से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने के बाद जब जितेन्द्र अपने साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर निकल रहा था, तभी अजय और सुरेश ने बनवार पेट्रोल पंप के पास जानबूझकर उनकी बाइक में ऑटो से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जितेन्द्र और उसके साथी सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।
इस हरकत से नाराज होकर जितेन्द्र और उसके साथियों ने अजय और सुरेश पर लाठियों से हमला कर दिया। इसके जवाब में अजय पक्ष की ओर से भी लाठी-डंडे निकल आए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा।
