पूरी भव्यता के साथ इस साल भी होगा वीरांगना लक्ष्मीबाई बलिदान मेले का आयोजन

ग्वालियर ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में 26वाँ वीरांगना लक्ष्मीबाई बलिदान मेला पूरी भव्यता एवं गरिमा के साथ आयोजित होगा। ग्वालियर में 17 -18 जून को लक्ष्मीबाई की समाधि के सामने स्थित मैदान में यह मेला लगेगा। वीरांगना लक्ष्मीबाई बलिदान मेला के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया की मौजूदगी में मेले की तैयारियों को लेकर रविवार को व्हीआईपी सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को बलिदान मेले से संबंधित सभी व्यवस्थायें उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वीरांगना लक्ष्मीबाई बलिदान मेले के पहले दिन यानि 17 जून को झांसी से चलकर आई शहीद ज्योति यात्रा सायंकाल 6 बजे ग्वालियर पहुँचेगी। गाँधी उद्यान फूलबाग से वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि तक सजीव झांकियों के साथ पदयात्रा के रूप में यह ज्योति यात्रा पहुँचेगी। इस दिन नगर निगम व स्वराज संस्थान मध्यप्रदेश शासन द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उदघाटन भी होगा। साथ ही शहर के नागरिकों द्वारा समाधि स्थल पर पारंपरिक ढंग से दीपदान भी इस दिन किया जायेगा।
बलिदान मेले के दूसरे दिन यानि 18 जून को प्रात:काल सर्वदलीय श्रृद्धांजलि सभा नगर निगम के तत्वावधान में आयोजित होगी। इस दिन सांध्य बेला में 7 बजे बलिदान मेला मैदान पर महानाट्य “खूब लड़ी मर्दानी” का मंचन होगा। इसके बाद प्रमुख समारोह में वीरांगना सम्मान, क्रांतिवीर परिजन व शहीद परिजन सम्मान प्रदान किए जायेंगे। अतिथियों के उदबोधन के पश्चात बलिदान मेले में हर साल की तरह अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *