बरसात में सहेजेंगे जल, वर्तमान में रोजगार दे रहे हैं 789 खेत तालाबों का होगा निर्माण 

ग्वालियर – जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के गाँव-गाँव में तेजी के साथ किसानों के खेतों पर खेत तालाब आकार ले रहे हैं। सरकार द्वारा इस साल ग्वालियर जिले में 789 खेत तालाब बनाने का लक्ष्य दिया गया है, जो पिछले सालों से कहीं अधिक है। जिले की मुरार जनपद पंचायत के ग्राम ररूआ में- शीला कुशवाह ने अपनी जमीन पर खेत तालाब का निर्माण कराया है। महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मंजूर हुए इस तालाब से अब तक 25 श्रमिकों को 150 मानव दिवस का रोजगार मिल चुका है।
इसी तरह अन्य गाँवों में कुल मिलाकर 849 किसानों के खेतों पर जल सहेजने के लिये खेत तालाब बनाने का काम शुरू हो चुका है और इनसे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है। जिले की जनपद पंचायत घाटीगाँव में 163, मुरार में 195, डबरा में 204 एवं जनपद पंचायत भितरवार के अंतर्गत 238 खेत तालाब के कार्य जारी हैं। खेत तालाबों की सिंचाई होगी। साथ ही जल स्तर बढ़ाने में भी ये तालाब मदद करेंगे।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत खेत तालाबों के निर्माण के साथ-साथ 794 डगवेल रीचार्ज के काम भी जिले में वर्तमान में चल रहे हैं। बड़े पैमाने पर एक ही स्थान पर जल सहेजने के लिये सरकार द्वारा इस साल जिले को 12 अमृत सरोवर का लक्ष्य दिया गया है। प्रत्येक अमृत सरोवर में लगभग 10 हजार घन मीटर पानी का संग्रहण होगा। पिछले अनुभव बताते हैं कि जहाँ-जहाँ भी अमृत सरोवर बनाए गए हैं वहाँ पर भूजल स्तर में बड़ा इजाफा हुआ है। आसपास के सभी बोरवेल इससे स्वत: ही रीचार्ज हो जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *