भारतीय सेना के सम्मान में नदी गेट से फूलबाग तक कांग्रेस द्वारा जय हिंद यात्रा निकाली
ग्वालियर – ऑपरेशन सिंदुर में भारत की विजय पताका फहराने वाली भारतीय सेना ने जो शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया है, सेना के सम्मान में मप्र कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा के नेतृत्व एवं विधायक सतीश सिकरवार, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा की उपस्तिथि में कांग्रेस द्वारा जय हिंद यात्रा निकाली गई। यात्रा में जय हिंद, जय भारत, भारत माता की जय गगनभेदी नारे कांग्रेस जन लगते रहे, कांग्रेस की जय हिंद यात्रा नदी गेट चौराहा से प्रारंभ होकर शानो-शौकत, शिंदे की छावनी चौराहा, गुरुद्वारा, एम.एल.बी. रोड होते हुए फूलबाग स्थित गांधी उद्यान में महात्मा गांधी जी को नमन समाप्त हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने जय हिंद यात्रा के समापन पर उपस्थित कांग्रेसजनो एवं जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की जय हिंद यात्रा भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को सलाम करने के लिए है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से न केवल देश की सुरक्षा को सुनिश्चित किया, बल्कि विश्व पटल पर भारत की ताकत और संकल्प को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। कांग्रेस पार्टी और प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए राष्ट्रीय हित और सेना का सम्मान सदैव सर्वोपरि है। जैसा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने कहा, हमारी सेना पर हमें गर्व है, और हम हर कदम पर उनके साथ हैं। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए हमारी पार्टी ने सर्वदलीय बैठक में सरकार को पूर्ण समर्थन दिया, क्योंकि जब बात देश की सुरक्षा की हो, तो कोई राजनीति नहीं, केवल एकता और संकल्प होता है।
