31 मई भोपाल आयेंगे पीएम नरेन्द्र मोदी, अहिल्याबाई की 300वीं जन्मजयंती समारोह में होंगे शामिल

भोपाल. पीएम नरेन्द्र मोदी 31 मई को राजधानी भोपाल आयेंगे। महारानी लक्ष्मीबाई होल्कर की 300वीं जन्मजयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में बैठक ली। इस समारोह में केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिये शुरू की गयी योजनाओं और महिलाओं के जीवन में आये बदलावों की झलक देखने को मिलेगी।
इन्दौर मेट्रो को दिखायेंगे हरझंडी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन्दौर मेट्रो को वर्चुअली तरह से हरी झंडी दिखा सकते है। इंदौर में प्रायोरिटी कॉरिडोर पर गांधीनगर से स्टेशन नम्बर 3 के बीच फिलहाल मेट्रो को चलाई जायेगी। हालांकि इन्दौर में मेट्रो के कॉमर्शियल रन की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
21 मई से शुरू हो रहा है बीजेपी का अहिल्याबाई पर केन्द्रित अभियान
इंदौर के होल्कर वंश की रानी अहिल्याबाई की 300वीं जन्म जयंती के मौके पर उनकी विरासत का बखान करने के साथ ही बीजेपी समावेशी सुशासन का प्रचार करेगी। इसे लेकर बीजेपी एक अभियान शुरू करने जा रही है। 21 से 31 मई के बीच यह अभियान चलाया जाएगा। 31 मई को अहिल्याबाई की 300वीं जयंती प्रदेश भर में मनाई जाएगी। इस दौरान बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता अहिल्याबाई के जीवन मूल्य और वीरता के साथ उनके दूरदर्शी शासन, सामाजिक सुधार, समावेशी शासन और मंदिरों के जीर्णोद्धार के जरिए सांस्कृतिक पुनर्जागरण के बारे में जनता के बीच जाकर चर्चा करेंगे। अहिल्याबाई के साथ ही बीजेपी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सामाजिक सुधार, समावेशी विकास और ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प को जनता के बीच बताएगी।

