जलविहार एवं फूलबाग बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य का अभियान 18 मई को

ग्वालियर – जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सम्पूर्ण प्रदेश में जल संरचनाओं को संरक्षित करने और जल संवर्धन के लिये कार्य किए जा रहे हैं। ग्वालियर जिले में भी पुरानी जल संरचनाओं की साफ-सफाई और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ग्वालियर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में पुरानी जल संरचनाओं के साथ-साथ नई जल संरचनाओं को संवारने का कार्य हाथ में लिया गया है। ग्वालियर शहर के फूलबाग में स्थित पुरानी बावड़ी के जीर्णोद्धार और जल विहार स्थित तालाब की साफ-सफाई और संधारण का कार्य रविवार 18 मई को प्रात: 6.30 बजे से प्रारंभ किया जायेगा। कलेक्टर रुचिका चौहान के नेतृत्व में जिला प्रशासन, नगर निगम सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और पर्यावरण प्रेमियों की उपस्थिति में यह कार्य प्रारंभ होगा।
कलेक्टर ने शहर के तालाबों, ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण का कार्य करने हेतु विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। नगर निगम ग्वालियर के माध्यम से फूलबाग स्थित ऐतिहासिक बावड़ी के जीर्णोद्धार, जल विहार स्थित जल संरचनाओं को स्वच्छ करने का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इसके साथ ही ग्वालियर शहर की ऐतिहासिक बावड़ियों को भी चिन्हित कर उनके संरक्षण का कार्य हाथ में लिया गया है। जिला प्रशासन, नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के माध्यम से इन बावड़ियों के जीर्णोद्धार का कार्य जन भागीदारी के माध्यम से किया जा रहा है।
कलेक्टर ने शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और पर्यावरण प्रेमियों से भी आग्रह किया है कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के जो कार्य किए जा रहे हैं उनमें अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *