भारत ने पाकिस्तान के लाहौर, कराची, रावलपिंडी समेत 9 शहरों पर ड्रोन अटैक किया, भारत ने 3 एयर डिफेंस सिस्टम तबाह किए
नई दिल्ली. ऑपरेशन सिंदूर के दूसरे दिन भारत ने पाकिस्तान पर बड़ा एक्शन लिया है। गुरुवार सुबह भारत की स्ट्राइक में पाकिस्तान के तीन बड़े शहरों लाहौर, कराची और रावलपिंडी में लगे HQ-9 एयर डिफेंस सिस्टम तबाह हो गए। हमले के लिए भारत ने इजराइली हार्पी ड्रोन का इस्तेमाल किया। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने गुरुवार दोपहर को कहा- पाकिस्तान के 9 शहरों में भारत ने ड्रोन हमले किए। पाकिस्तानी सेना कम से कम 25 ड्रोन गिराने में कामयाब रही। शरीफ ने माना कि एक ड्रोन नुकसान पहुंचाने में कामयाब रहा। लाहौर में पाकिस्तानी सेना के 4 जवान घायल हुए और मियानों में एक शख्स की मौत हो गई।
पाकिस्तान का आरोप- भारत ने हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को निशाना बनाया
पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि भारत ने नीलम-झेलम हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को निशाना बनाया है। इसके साथ ही आसपास की बस्तियों में रह रहे नागरिकों को भी मारने की कोशिश की है। यह गोलीबारी आधी रात से सुबह 7 बजे तक चली। पड़ोसी देश ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का उल्लंघन है। हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के चेयरमैन ने कहा कि उनकी तकनीकी टीमें फिलहाल नुकसान का आकलन कर रही हैं।
अमेरिका ने लाहौर दूतावास के स्टाफ को सुरक्षित जगह जाने को कहा
अमेरिका ने लाहौर वाणिज्य दूतावास में रह रहे अपने कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाने का आदेश दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने निर्देश में कहा है कि ड्रोन विस्फोटों और संभावित हवाई हमले की खबरों के बीच कर्मचारियों को सुरक्षित जगहों पर शरण लेने की सलाह दी जाती है।

