घरों, प्रतिष्ठानों व वाहनों की बत्ती बुझाकर देश की एकता के उजाले का दिया संदेश 

“ऑपरेशन अभ्यास” के तहत ग्वालियर सहित पूरे जिले में एक साथ हुआ ब्लैक आउट 
ग्वालियर – शहर सहित जिले के सभी कस्बों व गाँवों में एक साथ घरों, प्रतिष्ठानों व वाहनों की बत्ती बुझाकर जिलेवासियों ने देश की एकता के उजाले का संदेश दिया। यह भी जताया कि किसी भी आपात घड़ी में हम सब अपने देश की रक्षा के लिये सजग, सतर्क व एकजुट हैं। सिविल डिफेंस “ऑपरेशन अभ्यास” के तहत ग्वालियर नगर सहित सम्पूर्ण जिले में देर शाम ठीक 7.30 बजे सायरन बजते ही लोगों ने अपने घरों, दुकानों, दफ्तरों व वाहनों की बत्तियाँ बुझा दीं। यह बत्तियाँ पुन: तब रोशन करीं जब दूसरा सायरन लगभग 7.42 बजे बजा।
ग्वालियर के महाराज बाड़ा सहित अन्य बाजारों व कॉलोनियों में लोगों ने ब्लैक आउट समाप्त होने के बाद नागरिकों ने भारत माता एवं वंदे मातरम् के जयकारे लगाए। इससे पहले जब ब्लैक आउट का सायरन बजा तब सड़कों पर जा रहे लोगों ने अपने वाहन बंद कर सड़क किनारे खड़े कर दिए। इसी तरह सभी व्यवसाइयों व दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकान की लाइटें बंद कर दीं।
जिले के शहरी व ग्रामीण अंचल में ब्लैक आउट के बारे में दिन भर मुनादी होती रही। साथ ही आम चर्चा में भी लोगों ने एक-दूसरे को शाम को सायंकाल 7.30 बजे ब्लैक आउट के दौरान अपने घरों की लाइटें बंद करने के लिये प्रेरित किया।
ब्लैक आउट के दौरान कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह सहित जिला प्रशासन व पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *