ग्वालियर सहित 18 हवाई अड्डों पर 10 मई तक उड़ानों पर लगाई रोक
नई दिल्ली. पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक के बाद भारत ने 7 राज्यों के 18 एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट्स ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। इनमें से बड़े एयरपोर्ट श्रीनगर, जम्मू, लेह, चंडीगढ़, बीकानेर, जोधपुर, राजकोट, धर्मशाला, अमृतसर, भुज और जामनगर हैं। यह एयरपोर्ट्स पाकिस्तान बॉर्डर से लगे हुए हैं। एअर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, एयर इंडिया एक्सप्रेस, आकासा एयर और कुछ विदेशी एयरलाइंस ने करीब 200 फ्लाइट्स को कैंसिल किया है।
जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। करतारपुर कॉरिडोर को भी बंद कर दिया गया है। यहां से सिख श्रद्धालु पाकिस्तान में करतारपुर साहिब के दर्शन करने जाते थे। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं।
इन 18 हवाई अड्डों पर बंद की सिविल उड़ान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिन हवाई अड्डों पर सिविल उड़ानों को बंद किया गया है उनमें श्रीनगर, लेह, थोइस, जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, पठानकोट, जोधपुर, ग्वालियर, जैसलमेर, बीकानेर, जामनगर, भटिंडा, भुज, धर्मशाला, शिमला, राजकोट और पोरबंदर शामिल हैं।
चार्टर्ड उड़ानें भी रहेंगी बंद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये हवाई अड्डे 10 मई तक नागरिक उड़ानों के लिए बंद रहेंगे। इनमें नियमित उड़ानें और चार्टर्ड उड़ानें दोनों शामिल हैं।

