विकसित भारत का रास्ता किसान के खेत से निकलता है – उप राष्ट्रपति

ग्वालियर – उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि विकसित भारत का रास्ता किसान के खेत से निकलता है। इसलिए कृषि के क्षेत्र में काम कर रहीं संस्थाओं और कृषि विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है कि वे किसानों के जीवन में बदलाव व खुशहाली लाने में अपना योगदान दें। प्रयास ऐसे हों कि किसान केवल फसल उत्पादक बनकर ही न रहें, अपितु वे एग्री-प्रीनियर (कृषि उद्यमी) बनें। उप राष्ट्रपति श्री धनखड़ रविवार को ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के परस्पर संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि भारतीय संस्कृति किसानों के कल्याण का संदेश देती है। वर्तमान दौर में किसानों के महत्व को प्रतिपादित करते हुए भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान – जय किसान का नारा दिया था। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने जय जवान – जय किसान के साथ जय विज्ञान जोड़ा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जय जवान – जय किसान – जय विज्ञान में जय अनुसंधान को शामिल किया है। उन्होंने कहा कि कृषि विद्यार्थी विज्ञान व अनुसंधान के केन्द्र बिंदु होते हैं। इसलिए विद्यार्थी इस कसौटी पर खरे उतरकर किसानों के कल्याण के लिए काम करें। उप राष्ट्रपति श्री धनखड़ ने कहा कि किसानों को अपनी उपज तत्काल न बेचनी पड़े, इसके लिये पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा दें और वेयर हाउस व कोल्ड स्टोर स्थापित कर किसानों को भण्डारण के लिए प्रेरित करें। श्री धनखड़ ने कहा कि किसान अपनी परेशानी व्यक्त करें, उससे पहले ही हमें अंदाजा लगा लेना चाहिए कि किसान क्या चाहते हैं।
मध्यप्रदेश में गौ संरक्षण के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों को सराहा
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गौवंश के संरक्षण के उद्देश्य से गौशालाओं को दिए जा रहे प्रोत्साहन की प्रशंसा की। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. यादव से राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय की गौशाला के विस्तार में सहयोग के लिये कहा।
स्वागत उदबोधन विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला ने दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय में कृषि के क्षेत्र में किए गए नवाचार, विश्वविद्यालय से जुड़े कृषि विज्ञान केन्द्र व महाविद्यालयों के बारे में जानकारी दी। आरंभ में उप राष्ट्रपति श्री धनखड़ सहित सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आगाज एवं समापन राष्ट्रगान जन-गण-मन के गायन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *