ग्वालियर के 6 पेट्रोल पंपों पर 10 शक्ति दीदियाँ संभालेंगीं फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी 

ग्वालियर – महिला सशक्तिकरण की दिशा में “शक्ति दीदी” के नाम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रेरणादायी पहल हुई है। इस पहल से जरूरतमंद महिलाओं को लगातार सहारा मिल रहा है। शक्ति दीदी योजना के तहत महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिला प्रशासन द्वारा नौकरी दिलाई जा रही है। श्रमिक दिवस एक मई के अवसर पर “शक्ति दीदी” पहल के तहत 10 और जरूरतमंद महिलाओं को फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी मिलने जा रही है। ज्ञात हो शक्ति दीदी के तहत पहले से ही शहर में 35 महिलाएं यह भूमिका सफलतापूर्वक निभा रही हैं। गुरुवार को 10 और महिलाओं के जुड़ जाने से जिले में शक्ति दीदियों की संख्या 45 हो जायेगी।
कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलायेंगे। एक मई को प्रात: 11.30 बजे पिछोर तिराहा डबरा स्थित सोनी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर सुश्री मंजू श्रीवास्तव व सुश्री रजनी राजपूत एवं रनवीर फिलिंग स्टेशन भितरवार रोड डबरा पर सुश्री राजकुमारी दौनेरिया व सुश्री सोनिया जोशी को फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगे।
इसी तरह ग्वालियर में रेसकोर्स रोड स्थित केसर सर्विस पेट्रोल पंप पर एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव, सुश्री निशा अहिरवार व सुश्री मनीषा अहिरवार को फ्यूल डिलेवरी वर्कर का दायित्व सौंपेंगे।  जलालपुर चौराहा स्थित कमलजीत फिलिंग स्टेशन पर सुश्री आरती एवं ऋतुराज होटल के समीप स्थित राधिका मोहन फिलिंग स्टेशन पर सुश्री ममता जाटव व सुश्री चन्द्रा अहिरवार को जिला आपूर्ति नियंत्रक शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगे। लक्ष्मीगंज स्थित जैन ब्रदर्स पेट्रोल पंप पर सुश्री भावना कुशवाह शक्ति दीदी योजना के तहत फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभालेंगीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *