शराब कारोबारियों के ठिकानों पर ED के छापे, एक साथ 18 जगहों पर कार्रवाई
इंदौर. प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार सुबह इंदौर में एक साथ 18 जगहों पर छापे मारे। जिन जगहों पर छापे पडे उनमें ज्यादातर शराब कारोबारी शामिल है। ईडी की टीमों ने बसंत विहार कॉलोनी, तुलसी नगर और महालक्ष्मी नगर जैसे इलाकों में कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार ये कार्रवाई फर्जी बैंक चालान और आबकारी विभाग में हुए घोटाले को लेकर की गई है। यह घोटाला सबसे पहले साल 2018 में सामने आया था। आरोप है कि शराब कारोबारियों ने आबकारी विभाग के अफसरों के साथ मिलकर करोडों का घाटाला किया। माना जा रहा है कि घोटाले की रकम 100 करोड रुपए तक पहुंच सकती है।
कैसे हुआ घोटाला
2015 से 2018 के बीच इंदौर जिला आबकारी कार्यालय में शराब गोदामों से शराब उठाने के लिए 194 फर्जी चालानों का इस्तेमाल किया गया। बैंक में हजारों रुपयों के छोटे चालान जमा कराए गए, लेकिन चालान में बाद में लाखों की रकम दिखाकर गोदामों से ज्यादा शराब उठा ली गई और दुकानों पर बेची गई। इस घोटाले की शिकायत मिलने के बाद ईडी ने 2024 में जांच शुरू की थी। जांच के लिए ईडी ने आबकारी विभाग और पुलिस से कई जरूरी दस्तावेज मांगे थे, जैसे कि शराब ठेकेदारों के बैंक अकाउंट का ब्योरा और विभाग की आंतरिक जांच रिपोर्ट।
