पहलगाम आतंकी हमले से अमरनाथ यात्रियों के उत्साह में कोई कमी नहीं, भंडारे भी लगेंगे और जत्थे भी जाएंगे
ग्वालियर. पहलगाम आतंकी हमले के बाद भी अमरनाथ यात्रियों की उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। उत्साही श्रद्धालु आतंकवादियों और उनके पोषकों को जवाब देने के लिए 3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा को लेकर उत्साहित है। पिछले 24 वर्षों से श्रद्धालुओं को गाइड बनकर यात्रा कराने वाले मध्य प्रदेश के ग्वालियर के प्रोफेसर डॉ. संजय पांडे का कहना है कि आतंकी हमले के बाद बडी संख्या में युवाओं ने उनसे संपर्क किया। इससे पहले अमरनाथ यात्रा कर चुके श्रद्धालुओं को भारतीय सेना के सुरक्षा इंतजामों पर पूर्ण भरोसा है। क्योंकि वहां के सुरक्षा इंतजामों को पहले देख चुके है।
इस हमले के बाद इतना परिवर्तन
अब लोग जत्थों में यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं। इसके साथ बाबा बर्फानी समिति व अमरनाथ सेवा समिति के पदाधिकारियों का दावा है कि उनका भंडारा निश्चित समय पर निर्धारित स्थान पर लगेगा।
श्रद्धालु अब और उत्साह के साथ खाद्य सामग्री का दान कर रहे हैं। मोहना निवासी विवेक शर्मा का कहना है कि पहली बार अमरनाथ यात्रा पर जाने की प्लानिंग की थी। पहले परिवार के एक-दो लोग भी साथ जा रहे थे।
पहलगाम हुए आतंकी हमले के बाद अब उनका विचार अकेले ही जाने का है। कोशिश है कि अब किसी जत्थे के साथ यात्रा के लिए जायें। क्योंकि पूर्व यात्रा कर चुके श्रद्धालु को भौगोलिक स्थिति के साथ सुरक्षा इंतजामों की जानकारी होती है।
