सस्ता हुआ गेहूं, फसल अच्छी होने से गिरे शरबती के दाम

ग्वालियर. इस साल गेहूं की फसल अच्छी होने से रसोई में रोटी अच्छी फूलने वाली है। इसकी वजह गेहूं की अच्छी फसल होने के साथ दामों में कमी होना भी है। सरकार ने भी देश में गेहूं उत्पादन 115 मिलियन टन से अधिक होने का अनुमान लगाया है। वहीं फ्लोर मिल संचालकों को यह लगभग 110 एमटी तक होने की उम्मीद है। शरबती गेहूं का बाजार इस समय 5000 से 5500 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है। वहीं बीते साल शरबती गेहूं ने 6000 रुपए प्रति क्विंटल का आंकडा छू लिया था। हालांकि गेहूं कारोबारियों का मानना है कि फिलहाल दामों में वृद्धि नहीं होगी लेकिन दिवाली के आसपास इसमें तेजी दिख सकती है। ग्वालियर सहित प्रदेशभर में गंजबासौदा, सीहोर, अशोकनगर और आष्टा जगहों से गेहूं की आवक होती है।
शरबती के नाम पर लोटा की बिक्री
इन दिनों बाजार में 1544, हर्षिता और सुनहरा गेहूं (लोटा) के दाम 3400-3500 रुपए प्रति क्विंटल चल रहे हैं। ये गेहूं इतना चमकदार होता है कि हूबहू यह शरबती गेहूं जैसा लगता है। ऐसे में कई लोग इसे ही शरबती गेहूं बताकर बेच देते हैं।
दिवाली तक तेजी
गेहूं के थोक कारोबारी संजय साहनी ने बताया कि गंजबासौदा, सीहोर, आष्टा से आने वाला शरबती गेहूं अच्छा माना जाता है। अभी शरबती गेहूं के दाम 5000-5500 रुपए प्रति क्विंटल चल रहे हैं। उन्होंने बताया, भले ही इस बार गेहूं की फसल अच्छी रही हो और दाम कम चल रहे हों, लेकिन बड़ी कंपनियां इसे स्टॉक कर लेंगी। ऐसे में इस सीजन के बाद दिवाली तक गेहूं में तेजी देखने को मिल सकती है। गेहूं के थोक कारोबारी अजय गोयल के मुताबिक इन दिनों में गेहूं के दाम कम होने के साथ-साथ मांग भी निकली हुई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *