2 मिनट रूक, तेरी वर्दी उतरवा दूंगा, हेलमेट नहीं होेने पर चालान करने पर बोला युवक
जबलपुर. हेलमेट नहीं पहनने पर पिता का चालान काटा तो बेटे ने बीच सड़क पर पुलिसकर्मी से बदसलूकी शुरू कर दी। पहले विवाद किया तो फिर एएसआई की कॉलर पकउ़ ली और वर्दी उतरवाने की धमकी तक दे डाली। यह सारा घटनाक्रम गुरूवार की रात धरवंतरीनगर चौक पर पुलिस चैकिंग के दौरान हुआ। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।
वीडियो में युवक एएसआई को कहता है नौकर हो, नौकर जैसे ही रहो। शर्म आनी चाहिये तुझे, मेरे बाप की गाड़ी रोक रहा है। जवाब में पुलिसकर्मी से शांत रहने को बोलते हुए। हां, हम नौकर है और अपनी नौकरी कर रहे है। पुलिस ने मामले में युवक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने का मामला दर्ज किया है, हालांकि विवाद के तत्काल बाद घटनास्थल से फरार हो गया।
वीडियो बनाया तो भड़का
एएसआई ने जब युवक की हरकतों का वीडियो बनाना शुरू किया तो वह और उग्र हो गया। कैमरे के सामने ही पुलिसकर्मी से तू-तड़ाक करने लगा। वीडियो में वह कहता दिख रहा है। मेरे बाप से इज्जत से बात करना, वरना अच्छा नहीं होगा।
पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़कर दी धमकी
गुरुवार शाम ट्रैफिक पुलिस की टीम अंधमूक बायपास पर वाहन चेकिंग कर रही थी। एएसआई शिवचरण दुबे के साथ अन्य जवान मौजूद थे। इस दौरान एक बाइक (एमपी 20 जेएएच 3385) को रोका गया, जिसे केसरी सागर सेन चला रहे थे। वह बिना हेलमेट के थे और उनके पास लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस ने चालान बनाया और लाइसेंस मांगा।
इस पर केसरी ने अपने बेटे अंकित को फोन कर मौके पर बुला लिया। अंकित मौके पर पहुंचा और गाड़ी रोकने का कारण पूछने लगा। पुलिसकर्मियों ने जब बिना हेलमेट और लाइसेंस की बात कही तो अंकित भड़क गया। देखते ही देखते उसने पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़ ली और धमकी देने लगा कि, “वर्दी उतरवा दूंगा।”
