मुख्यमंत्री 24 अप्रैल को बीलपुरा तालाब में श्रमदान कर देंगे जल संरक्षण का संदेश 

ग्वालियर – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 अप्रैल को ग्वालियर जिले की ग्राम पंचायत निरावली के ग्राम बीलपुरा में स्थित तालाब पर श्रमदान कर जिले के निवासियों को जल संरचनाओं को सहेजने एवं जल संरक्षण का संदेश देंगे। सरकार द्वारा चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत इस जलाशय का जीर्णोद्धार होने जा रहा है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को बीलपुरा तालाब पर पहुँचकर कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही श्रमदान को लेकर स्थानीय निवासियों से चर्चा की।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अगुआई में होने जा रहे बीलपुरा तालाब के जीर्णोद्धार को लेकर निरावली, जिगसौली, बीलपुरा, कुलैथ व दुगनावली सहित अन्य समीपवर्ती गाँवों के निवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीणजनों का कहना है कि हमारे इस तालाब का जीर्णोद्धार होने से हम सबकी पानी के निस्तार संबंधी जरूरतें तो पूरी होंगीं ही, क्षेत्र का जल स्तर भी बढ़ेगा। इस तालाब का पिछले वर्षों में रोटरी क्लब ग्वालियर एवं स्थानीय निवासियों ने गहरीकरण किया था, जिससे इस साल गर्मी के मौसम में भी तालाब में काफी पानी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव तालाब में श्रमदान करने के साथ-साथ स्थानीय निवासियों एवं तालाब के पानी को सहेजने में मदद करने वाले स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे। श्रमदान कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, स्वयंसेवी संगठन एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणजन भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *