सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिये हो प्रभावी कार्रवाई – कलेक्टर
ग्वालियर -कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिये प्रभावी कार्रवाई की जाए। जहाँ भी आवश्यक है वहाँ पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी अवश्य की जाए। कलेक्टर ने उच्च न्यायालय द्वारा एसडब्ल्यूएम के संबंध में दिए गए निर्देशों के परिपालन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के संबंध में प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जन जागरूकता के कार्य को भी प्राथमिकता के साथ किया जाए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय सहित निगम के अधिकारीगण एवं विभागीय अधिकारी शामिल हुए। सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध होने के बाद भी बाजारों में पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित नहीं हुआ है। पॉलीथिन का थोक विक्रय करने वाले एवं पॉलीथिन का निर्माण करने वालों को चिन्हित कर उन पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। ऐसे सभी थोक विक्रेताओं को चिन्हित कर नोटिस जारी किया जाए एवं निर्धारित अवधि के पश्चात भी पॉलीथिन का उपयोग या विक्रय पाया जाता है तो संबंधित विक्रेता के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने पेयजल के दुरुपयोग को रोकने के साथ-साथ जो व्यवसायिक जल उपभोक्ता हैं उनको चिन्हित कर उनके संस्थान में वाटर हार्वेस्टिंग के कार्य को अनिवार्यत: कराया जाए। निगम के मैदानी अधिकारी इस कार्य को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में करें।
नगर निगम आयुक्त ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के संबंध में निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों पर ग्रीन नेट लगाने के निर्देश सभी विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। शासकीय निर्माण कार्यों पर भी ग्रीन नेट लगे, यह सुनिश्चित किया जायेगा। शहर में पेयजल का दुरुपयोग करने वालों के विरूद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। धुलाई सेंटरों को बंद कराने की कार्रवाई भी निगम द्वारा की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न हो, इसके लिये भी निगम अभियान चलाकर कार्य कर रहा है। थोक पॉलीथिन विक्रेता एवं निर्माताओं के विरूद्ध भी निगम द्वारा तत्परता से कार्रवाई की जायेगी।
