वरिष्ठ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों तथा मेधावी विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
भोपाल- मध्यप्रदेश पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा शनिवार 29 मार्च को 22वें विशिष्ट सदस्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। जहांगीराबाद स्थित पुलिस पुलिस परिवहन शोध संस्थान (पीटीआरआई) में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होने वाले इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर वे कार्यक्रम में उपस्थित 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिसकर्मियों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही समारोह में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आरसी पवार की किताब अपराध अनुसंधान और एसोसिएशन की वार्षिक पत्रिका सात्विक का विमोचन भी डीजीपी द्वारा किया जाएगा।
मेधावी विद्यार्थियों को भी किया जाएगा पुरस्कृत :- संस्थान के अध्यक्ष गणेश प्रसाद दुबे और सचिव नरेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रम में डीजीपी द्वारा भारतीय पुलिस सेवा और राज्य पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर आरक्षक/प्रधानआरक्षक/एएसआई/एसआई और प्लाटून कमांडरो मेधावी पुत्र-पुत्रियों, जिन्होंने 12वीं बोर्ड की परीक्षा में विशेष योग्यता प्राप्त की हो या प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया हो, उन्हें प्रोत्साहन राशि व प्रमाण-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया जाएगा।
