देश में ढाई घंटे तक पेमेंट ट्रांजेक्शन रहे ठप्प, लेन-देन में हुई परेशानी, 10 से अधिक बैंकों की सर्विस भी प्रभावित

नई दिल्ली. देश के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) सर्विस लगभग 2.30 घंटे तक डाउन रहीं। इस बीच लोगों को गूगल पे, फोन पे, और पेटीएम जैसे एप से अमाउंट ट्रांसफर करने में परेशानी हुई। इसके अलावा, 10 से अधिक बैंकों के यूपीआई और नेट बैंकिंग सर्विसेस पर भी असर पड़ा है। यूजर्स एप और नेट बैंकिंग में लॉगिन एक्सेस भी नहीं कर पा रहे थे।
इस टेक्नीकल गडबडी की वजह सामने नहीं आई है। डाउन डिटेक्टर के अनुसार, बुधवार की शाम को 79.30 बजे के बीच यूजर्स को यूपीआई पेमेंट करने में सबसे अधिक परेशानी हुई। इस बीच 23,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गयी है। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने कहा, यूजर्स को अस्थाई तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। जिसके कारण यूपीआई में आंशिक रूप से रूकावट आयी। अब इन समस्याओं को दूर कर लिया गया है। सिस्टम स्टेबल हो गया है।
10 से ज्यादा बैंकों के पेमेंट एप पर असर रहा
पेमेंट एप के अलावा SBI, HDFC बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और ICICI बैंक समेत 10 से ज्यादा बैंकों की सर्विसेस प्रभावित हुईं। फोन पे की सर्विसेस करीब 2 घंटे बाद चालू हो गई। हालांकि कुछ यूजर्स को बाद में भी दिक्कतें आ रही थीं।
