MP के सीएम का बड़ा ऐलान, किसानों के खातों में डालेंगे 9 अरब रुपए
भोपाल. किसानों के लिए राज्य सरकार जहां अनेक योजनाएं चला रही है वहीं ज्यादातर फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी भी कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने तुअर का उपार्जन करने की भी घोषणा की है। प्रदेश के तुअर उत्पादक किसानों के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हेंडल पर बताया कि प्रदेश के किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹7550 पर तुअर का उपार्जन किया जाएगा। इससे किसानों को करोड़ों का लाभ होगा। तुअर उपार्जन की राशि किसानों के बैंक खातों में डाली जाएगी। विशेष बात यह है कि वर्तमान में प्रदेश के बाजारों में तुअर के दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य से खासे कम हैं। यही वजह है कि तुअर उत्पादक किसानों को सरकारी खरीदी से जबर्दस्त फायदा होना तय है।
राज्य सरकार ने 43 जिलों में तुअर खरीदी की बात कही है। इन जिलों में 1 लाख 27 हजार मीट्रिक टन तुअर, 7550 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी जाएगी। इस प्रकार राज्य सरकार इन जिलों के तुअर किसानों के खातों में 9 अरब रुपए से ज्यादा की राशि डालेगी।
तुअर की सरकारी खरीदी से किसानों को करोड़ों का लाभ होना तय है। 20 मार्च को तुअर की सबसे उच्च बाजार दर होशंगाबाद के पिपरिया में आंकी गई जहां ₹7670 रुपए प्रति क्विंटल की दर से तुअर बिकी। वर्तमान बाजार दरों के अनुसार, मध्यप्रदेश में तुअर का औसत मूल्य ₹6647 प्रति क्विंटल है जबकि सरकार 7550 रुपए प्रति क्विंटल की दर से तुअर खरीद रही है।
