पंजाब पुलिस ने 13 महीने बाद शंभू-खनौरी बॉर्डर खाली कराए, बुलडोजर से किसानों के शेड तोड़े
पंजाब. पुलिस ने 13 महीने से बंद हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर को खाली करा दिया है। यहां आंदोलन कर रहे किसानों को हटा दिया गया। इस दौरान 200 किसानों को हिरासत में लिया गया जिसके बाद बुलडोजर से किसानों के बनाए शेड तोड़ दिए गए। पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद कल हरियाणा पुलिस भी दोनों बॉर्डर पर पहुंचेगी, जिसके बाद सीमेंट की बैरिकेडिंग हटाई जाएगी। इसके बाद शंभू बॉर्डर से जीटी रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
इससे पहले शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों और केंद्र सरकार के बीच बुधवार को 7वीं वार्ता बेनतीजा रही। इसमें किसान नेता समेत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी शामिल हुए। इसमें पंजाब सरकार ने किसानों को बॉर्डर खाली करने को कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। जिसके बाद आंदोलन की अगुआई कर रहे किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवण पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत डल्लेवाल को हिरासत में लिया गया।
