गेर के लिये 370 लोगों ने रंग -गुलाल उड़ाने के छत बुक कराई, टैंकरों से उड़ाया जायेगा 25 हजार किलो गुलाल

इन्दौर, देश के सबसे स्वच्छ शहर इन्दौर में रंगपंचमी पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक गेर बुधवार को निकलेगी। लगभग 3 किमी लम्बी गेर में सीएम मोहन यादव, एनआरआई समेत लाखों लोग शामिल होंगे। इसमें लाखों लीटर पानी और हजारों किलो गुलाल-रंग लोगों पर उड़ाया जायेगा। नाच-गाने के लिये डीजे रहेंगे।
इस बार 3 गेर और एक फाग यात्रा निकलेगी। 370 लोगों ने छत बुक कराई है। राजवाड़ा को ढंका गया है। ताकि रंगों की वजह वह खराब न हो। आयोजकों से लेकर प्रशासन, सभी ने गेर की तैयारियों शुरू कर दी है। पुलिस ने एरिया को सेक्टर में बांटकर सुरक्षा इंतजाम किये हैं।
गेर के इतिहास से लेकर वर्तमान स्थिति के बारे में जानते हैं और साथ ही प्रशासन ने इसके लिये किस तरह से तैयारियां की है। गेर के दौरान कौन-कौन से क्षेत्र प्रतिबंधित रहेंगे और कहां से लोग आना-जाना कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री, एनआरआई भी होंगे शामिल
महापोर पुष्यमित्र भार्गव और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि गेर में सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल होने आ रहे है। सभी व्यवस्था की जा चुकी है। महापौर ने बताया कि पिछले 2 साल से नगरनिगम भी आधिकारिक रूप से शामिल हो रहा है। इस बार नगर निगम की गेर रहेगी। एनआरआई का रथ भी रहेगा।
500 सफाई मित्र रहेंगे तैनात
गेर के बाद सफाई व्यवस्था की भी पूरी तैयारी की जा चुकी है। 500 से अधिक कर्मचारी और संसाधन एक साथ लगकर रिकॉर्ड टाइम में पूरे गेर मार्ग को साफ करेंगे। इस बार के भी फोटो वीडियो यूनेस्को को भेजे जायेंगे। भारत सरकार से भी निवेदन किया है कि यूनेस्को में पत्र भेजे और उनकी विजिट कराये।

