फिल्मी स्टाइल में काटी जेब से 50 हजार उड़ाये, चोर साथी संग फरार
ग्वालियर. चलती बाइक पर एक बुजुर्ग की जेब काटकर चोर 50 हजार रूपये ले भागे। घटना बुधवार की शाम उपनगर ग्वालियर के गोसपुरा नम्बर1, साहनी बिल्डिंग के पास की है। बुजुर्ग बैंक से बीमा के पैसे निकालकर अपने बेटे के साथ बाइक से वापिस लौट रहे थे। घटना के बाद बुजुर्ग के बेटे ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया। लेकिन वह रफ्तार बढ़ाकर फरार हो गये। घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामला दर्ज कर जेबकतरों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है मामला
ग्वालियर थाना क्षेत्र की कारीगरों की बगिया निवासी 29 वर्षीय गौरव नामदेव पुत्र माधौसिंह भोपाल की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। बुधवार को वह अपने पिता माधौसिंह के साथ बैंक से 50 हजार रुपए निकालने गया था। बैंक से रुपए निकालने के बाद उसने रकम पिता को दे दी, जिसे उन्होंने कुर्ते की जेब में रख लिया।
बाप-बेटे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे साहनी बिल्डिंग के पास पहुंचे और कॉर्नर पर बाइक मोड़ रहे थे, तभी एक युवक आया और झपट्टा मारकर माधौसिंह की जेब से 50 हजार रुपए निकालकर भागने लगा। जेब कटने की बात माधौसिंह ने बेटे गौरव को बताई। यह सुनते ही गौरव ने तुरंत बाइक रोकी और बदमाश का पैदल पीछा किया, लेकिन वह पहले से खड़े अपने साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। पीड़ित ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया।
घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
पुलिस ने जब जांच के लिये आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे तलाशे तो घटना को अंजाम देता हुआ एक बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। अब पुलिस इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गये हैं। पुलिस पुराने जेबकतरों को भी तलाश रही है।

