एमपी-यूपी बार्डर पर हजारों गाड़ियों में फंसे श्रद्धालु, 15KM लंबा जाम

भोपाल. महाकुंभ जा रहे श्रद्धालु एक बार फिर हजारों वाहनों के अंदर फंस गए। रविवार को एमपी-यूपी बॉर्डर पर चाकघाट क्षेत्र में करीब 15 किमी लंबा जाम लगा। 3 ट्रेन रद्द हो जाने की वजह से श्रद्धालुओं को घंटों तक स्टेशन के बाहर और रेलवे ओवरब्रिज पर कडी धूप में बैठना पडा। दूर-दूर से रीवा स्टेशन पर आए श्रद्धालु परेशान हुए। किसी ने कहा न जाते तो ही बढिया होता, किसी ने अव्यवस्थाओं के पीछे प्रशासन की कमियां बताईं। महाकुंभ खत्म होने में 10 दिन का समय बचा है ऐसे में अधिक से अधिक लोग स्नान के लिए पहुंचना चाहते है।
शनिवार से ही जाम की स्थिति
रविवार दोपहर लगभग 5 हजार गाडियां रीवा पहुंच चुकी थी। श्रद्धालु घंटों से जाम खुलने का इंतजार करते रहे। वीकेंड होने की वजह से शनिवार रात से ही रीवा होकर प्रयाग जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तीन गुनी हो गई थी। रीवा शहर में जाम की स्थिति बन गई। चोरहटा बाईपास में कई किलोमीटर लंबा जाम लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *