रविवार को महाकुंभ जाने का बना रहे हैं प्लान, इन बातों का रखे ध्यान, मेला इलाके में वाहनों को नो एंट्री

प्रयागराज. संगम नगरी प्रयागराज में लगे महाकुंभ में अभी तक 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ महाकुंभ में स्नान के लिये लगातार आ रही है। शनिवार और रविवार को छुट्टी होने पर भीड़ को देखते हुए एक बार फिर 2 दिन के लिये महाकुंभ को ’नो व्हीकल एरिया‘ घोषित कर दिया गया है। अभी महाकुंभ में वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। मेले के अंदर इमरजेंसी वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे।
मेलाधिकारी के अनुसार 15 फरवरी शनिवार और 16 फरवरी रविवार को सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश को महाकुंभ नगर में रोक दिया गया है। इस कारण से मेले के बाहर इलाकों में जाम की स्थिति बनी हुई है। जिससे लोगों को काफी दूर तक चलना पड़ रहा है। गाडि़यां भी फंसी हुई है। पुलिस उन्हें घुमाकर दूसरी ओर भेज रही है ताकि मेले के अंदर जाम न लगे। लोग जाम की वजह से काफी परेशान भी हो रहे है और व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
महाकुंभ के लिए स्पेशल ट्रेन
महाकुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे 15, 16 और 17 फरवरी को नई दिल्ली और वाराणसी (प्रयागराज के रास्ते) के बीच वंदे भारत स्पेशल ट्रेन नंबर 02252/02251 चलाएगा. उत्तर रेलवे द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वंदे भारत स्पेशल ट्रेन संख्या 02252 सुबह 5.30 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी. वह 12.00 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. इसके बाद 14.20 बजे वाराणसी पहुंचेगी. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि वापसी के लिए ट्रेन नंबर 02251 वाराणसी से 15:15 बजे चलेगी. ये ट्रेन 17.20 बजे प्रयागराज से रवाना होगी और उसी दिन 23.50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
पुलिस ने कई जगह पार्किंग स्थल बनाए
बता दें कि शनिवार और रविवार को छुट्टी के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ महाकुंभ में पहुंच रही है, इस वजह से कुंभ में भीड़ और जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है. वहीं दूरदराज़ से आने वाले श्रद्धालु भी अपनी गाड़ियां लेकर महाकुंभ में आना चाहते हैं, जिस वजह से श्रद्धालुओं को परेशानी भी हो रही है, पुलिस ने भीड़ को देखते हुए कई जगह पार्किंग स्थल बनाए हैं. जहां उन गाड़ियों को रोका जाता है और उसके बाद श्रद्धालु पैदल या ई-रिक्शा या शटल बसों से ही महाकुंभ में आकर संगम स्नान कर सकते हैं. भीड़ के चलते संगम के आसपास के इलाके भी जाम हो गए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *